काठमांडू का संपर्क सड़क मार्ग से कटा

काठमांडू, 14 जुलाई । नेपाल में लगातार हो रही बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन ने काठमांडू जाने वाले सभी छोटे सड़क मार्गों को बंद कर दिया है। मकवानपुर जिला प्रशासन कार्यालय ने हेटौंडा होकर काठमांडू जाने वाले कांति लोकपथ राजमार्ग को अगली सूचना तक बंद कर दिया है। इस राजमार्ग के कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण रास्ता अवरुद्ध हो गया है।

इसी तरह काठमांडू तक पहुंचने वाली हेटौंडा–भैंसे–भीमफेदी सड़क खंड पर कई स्थानों पर भूस्खलन होने से सभी वाहनों को हेटौंडा बाजार क्षेत्र में ही रोक दिया गया है। मकवानपुर जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार, भैंसे–पालुंग–नौबिसे होते हुए काठमांडू तक आने वाली सड़क पर भी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। भैंसे से सिमभञ्ज्याङ तक विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन के खतरे को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

हेटौंडा–कुलेखानी–फाखेल–काठमांडू मार्ग पर स्थित सुकौरा का भूस्खलन रात में ही साफ कर दिया गया था, लेकिन लगातार खतरा बने रहने के कारण फिलहाल इस मार्ग पर भी यातायात प्रतिबंधित कर दिया गया है।

वहीं, हेटौंडा–सिस्नेरी–काठमांडू सड़क पर इन्द्रसरोवर गांवपालिका-3 के सिस्नेरी क्षेत्र में आई बाढ़ से यातायात प्रभावित हो गया। इसके चलते वहां पहुंचे वाहनों को पूरी रात रोके रखा गया। मकवानपुर पुलिस के प्रवक्ता एवं डीएसपी माधव काफ्ले ने बताया कि मंगलवार सुबह से बीच रास्ते में फंसे छोटे वाहनों को सिस्नेरी से धीरे-धीरे आगे भेजना शुरू कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, फिलहाल हेटौंडा और काठमांडू के बीच केवल सिन्धुली और नारायणगढ़ होकर जाने वाले मार्गों से ही यात्रा की अनुमति दी गई है। इनके अलावा सभी अन्य सड़क मार्गों पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है। हालांकि नारायणगढ़–मुग्लिङ सड़क खंड पर भी भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, फिर भी हेटौंडा होकर इस मार्ग से जाने वाले वाहनों को फिलहाल नहीं रोका गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *