देर रात आध्या होटल के बाहर कर्मचारियों से मारपीट, वीडियो वायरल, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

औरैया, 14 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली क्षेत्र की नारायनपुर पुलिस चौकी के बाहर आध्या होटल के बाहर देर रात कुछ युवकों ने होटल कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात होटल के बाहर किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। वायरल वीडियो में कुछ युवक होटल कर्मचारियों के साथ हाथापाई और मारपीट करते नजर आ रहे हैं। घटना से होटल कर्मचारियों और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

सदर कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो सहित सभी साक्ष्यों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *