उत्तर पश्चिम रेलवे : त्यौहारों पर यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षित रेल संचालन पर रहेगा विशेष फोकस

जयपुर, 03 नवंबर । उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में मंगलवार, 03 नवम्बर 2026 को महाप्रबंधक पंकज शर्मा की अध्यक्षता में संरक्षा एवं कार्य समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी त्यौहारों के दौरान रेलवे की तैयारियों, सुरक्षित रेल संचालन तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी विभागाध्यक्ष, चारों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षित रेल संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने निर्माण परियोजनाओं एवं यात्री सुविधाओं से संबंधित कार्यों में तेजी लाने तथा कवच प्रणाली से जुड़े कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने त्यौहारों के दौरान यात्रियों की संभावित बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए स्टेशनों पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं एवं भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक अतिरिक्त व्यवस्थाएं करने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में सर्दियों के मौसम में कोहरे की अधिकता वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, रेलवे ट्रैक की सुरक्षा, नियमित पेट्रोलिंग तथा विद्युत एवं सिग्नल उपकरणों के समुचित रखरखाव की भी समीक्षा की गई। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने तथा अधीनस्थ कर्मचारियों की समय-समय पर काउंसलिंग कर संरक्षा जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

बैठक में आधारभूत संरचना एवं निर्माण कार्यों की प्रगति, कार्य निष्पादन, पूंजीगत कार्यों, रेलवे ट्रैक की फेंसिंग तथा आय बढ़ाने के उपायों सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई। महाप्रबंधक ने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों को समय पर पूरा करने तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 08 रेलकर्मियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया तथा उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने में प्रत्येक रेलकर्मी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी सजगता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *