महिला उत्पीड़न के आरोपों पर कांग्रेस को घेरा, रुचि भट्ट बोलीं- इनके नेता चुप्पी साधे हुए हैं

देहरादून, 02 नवंबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं प्रीतम सिंह और हरक सिंह रावत से जुड़े हालिया विवादों को लेकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला उत्पीड़न और संपत्ति पर कब्जे से जुड़े मामलों में कांग्रेस नेताओं के नाम सामने आने के बावजूद पार्टी के नेता चुप्पी साधे हुए हैं।

यहां भाजपा मुख्यालय में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में रुचि भट्ट ने कहा कि कांग्रेस के चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के प्रमुख हरक सिंह रावत से जुड़े मामलों में सामने आए आरोप गंभीर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक मामले में बेटियों को धमकाने और अभद्र भाषा के इस्तेमाल की शिकायतें सामने आई हैं, जबकि दूसरे मामले में पूर्व कैबिनेट मंत्री पर महिला शोषण के पुराने आरोपों के साथ एक दिव्यांग की जमीन पर कब्जे की कोशिश के आरोप लगे हैं।

भट्ट ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदारी निभाने वाले नेताओं को अपने ऊपर लगे आरोपों पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर महिला अपराध और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछले पांच वर्षों से भाजपा सरकार और संगठन पर आरोप लगाकर नकारात्मक राजनीति कर रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को नकारते हुए भाजपा को समर्थन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *